बरेली। कर्मचारी नगर मिनी बायपास स्थित प्रताप बैंक्विट हॉल में रविवार को भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल की ओर से व्यापारी सम्मेलन और सदस्यता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में व्यापारियों ने संगठन की सदस्यता ग्रहण कर व्यापारिक हितों की लड़ाई को मजबूत करने का संकल्प लिया।
सम्मेलन में मुख्य अतिथि सांसद छत्रपाल गंगवार और मीरगंज विधायक डीसी वर्मा ने नवगठित कर्मचारी नगर इकाई के पदाधिकारियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए और संगठन की शपथ दिलाई। इस दौरान व्यापारियों ने कहा कि संगठन लगातार छोटे और मध्यम वर्ग के व्यापारियों की समस्याओं को उठाकर उनके समाधान के लिए प्रयास कर रहा है।
सांसद छत्रपाल गंगवार ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार व्यापारियों, उद्यमियों और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं चला रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, पीएम विश्वकर्मा योजना, स्टैंड-अप इंडिया, डिजिटल इंडिया और एमएसएमई से जुड़ी योजनाओं का उल्लेख करते हुए व्यापारियों से इनका लाभ उठाने की अपील की।
मीरगंज विधायक डीसी वर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार मांगने वाला नहीं बल्कि रोजगार देने वाला बनाने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान और एमएसएमई प्रोत्साहन योजनाओं की जानकारी देते हुए व्यापारियों की समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया।
भाजपा महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना ने कहा कि भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल व्यापारी हितों के लिए सराहनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि व्यापारी अपनी समस्याएं संगठन और भाजपा के माध्यम से प्रशासन तक पहुंचा सकते हैं।
सम्मेलन में व्यापारियों ने क्षेत्र में बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या को प्रमुखता से उठाया। संगठन पदाधिकारियों ने इस मुद्दे को संबंधित विभाग के समक्ष उठाने का आश्वासन दिया। वहीं मंडल अध्यक्ष राजकुमार सरकार ने सर्राफा और बुलियन कारोबार से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करते हुए स्वर्ण व्यापार से संबंधित नियमों को और सरल बनाने की मांग की।
कर्मचारी नगर इकाई के पदाधिकारी घोषित
सम्मेलन में कर्मचारी नगर इकाई का गठन करते हुए राकेश कुमार को अध्यक्ष, अनूप जौहरी को महामंत्री, राकेश शर्मा को संरक्षक, दीपक सक्सेना को संयोजक बनाया गया। इसके अलावा गोपाल कश्यप, अंकित अग्रवाल, तेजपाल राजपूत, अनुराग शरण, अमित पाल और संतोष कुमार को वरिष्ठ उपाध्यक्ष तथा विवेक गुप्ता और अरविंद शर्मा को मंत्री मनोनीत किया गया।
कार्यक्रम के अंत में जिला अध्यक्ष अनिल अग्रवाल ने सभी अतिथियों और व्यापारियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि संगठन व्यापारियों की आवाज को सरकार और प्रशासन तक पहुंचाने का काम पूरी मजबूती से करता रहेगा।













