बरेली। कैंट थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार देर रात चोरी की नीयत से घर में घुसे चार बदमाशों ने परिवार को बंधक बनाकर दहशत फैला दी। आरोप है कि एक बदमाश ने तीन साल की बच्ची के साथ सो रही महिला के चेहरे को चूम लिया। महिला की नींद खुलते ही उसने शोर मचा दिया। इस पर बदमाशों ने बच्ची को चारपाई पर पटक दिया और परिवार को तमंचे के बल पर धमकाते हुए नकदी व जेवरात के बारे में पूछताछ करने लगे। इसी दौरान महिला किसी तरह बच्ची को लेकर घर से बाहर निकल गई और पुलिस गश्ती दल को देखकर मदद की गुहार लगाई। पुलिस को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गए।
पीड़ित फैक्ट्री कर्मचारी ने बताया कि रविवार रात वह काम से लौटने के बाद परिवार के साथ भोजन कर सो गया था। पत्नी और तीन वर्षीय बेटी एक कमरे में सो रही थीं, जबकि वह दूसरे कमरे में था। रात करीब तीन बजे मुख्य दरवाजा खुला होने का फायदा उठाकर चार लोग घर में घुस आए।
महिला के शोर मचाते ही मच गया हड़कंप
आरोप है कि एक बदमाश महिला के पास पहुंचा और उसके चेहरे को चूम लिया। इससे महिला की नींद खुल गई और उसने शोर मचा दिया। आवाज सुनकर पति कमरे में पहुंचा तो बदमाशों ने उस पर तमंचा तान दिया। इसी दौरान रो रही बच्ची को एक आरोपी ने गोद से छीनकर चारपाई पर पटक दिया।
गले में फंदा डालकर दी जान से मारने की धमकी
पीड़ित के अनुसार बदमाशों ने महिला के गले में गमछे का फंदा डाल दिया और पति को बंधक बना लिया। आरोपी सोने-चांदी के जेवर और नकदी के बारे में पूछते रहे। विरोध करने पर गोली मारने की धमकी भी दी गई।
मौका पाकर महिला बच्ची को गोद में लेकर घर से बाहर भागी और शोर मचाने लगी। बदमाश भी उसके पीछे दौड़े। इसी दौरान सड़क से गुजर रही पुलिस गश्ती टीम को देखकर महिला ने मदद के लिए चीख-पुकार शुरू कर दी। पुलिस वाहन रुकता देख आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
दरोगा राकेश कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर चार अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
नशेड़ियों के जमावड़े की भी जांच
सीओ सिटी प्रथम आशुतोष शिवम ने बताया कि पीड़ित परिवार ने किसी से रंजिश होने की बात से इनकार किया है। परिवार ने पुलिस को बताया है कि घर के पास एक पेड़ के नीचे अक्सर कुछ लोग बैठकर नशा करते हैं। पुलिस इस बिंदु को भी जांच में शामिल कर आसपास के संदिग्ध लोगों की जानकारी जुटा रही है। करीब 10 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा चुकी है और अन्य फुटेज भी खंगाली जा रही हैं।













