रोडवेज में अब नहीं लटकेंगी शिकायतें, हर बुधवार होगा समाधान

सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बरेली: उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) ने चालक, परिचालक और कर्मचारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए नई व्यवस्था लागू की है. अब प्रत्येक बुधवार को दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक “निगम सारथी : समस्या समाधान दिवस” आयोजित किया जाएगा. इस दौरान कर्मचारियों की शिकायतें सुनकर उनका नियमानुसार निस्तारण किया जाएगा.

क्षेत्रीय प्रबंधक बरेली की ओर से जारी कार्यालय आदेश में कहा गया है कि डिपो स्तर पर कर्मचारियों, चालकों और परिचालकों की समस्याओं का समय पर समाधान नहीं हो पा रहा था. इसी को देखते हुए यह व्यवस्था लागू की गई है, ताकि कर्मचारियों की समस्याओं का जल्द समाधान हो सके.

चार सदस्यीय समिति करेगी सुनवाई

समस्या समाधान दिवस के संचालन के लिए चार सदस्यीय समिति गठित की गई है. इसमें क्षेत्रीय प्रबंधक एवं सेवा प्रबंधक को अध्यक्ष बनाया गया है. सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (वित्त), बरेली डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक तथा रुहेलखंड डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक समिति के सदस्य होंगे.

आवेदन लेकर होगी सुनवाई

आदेश के अनुसार कर्मचारी, चालक और परिचालक अपनी समस्याओं से संबंधित प्रार्थना पत्र समिति के समक्ष प्रस्तुत करेंगे. प्रत्येक शिकायत का पंजीकरण किया जाएगा और बैठक की कार्यवाही का रिकॉर्ड भी तैयार होगा. संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करनी होगी.

विश्वास बढ़ाने की पहल

कार्यालय आदेश में कहा गया है कि “निगम सारथी : समस्या समाधान दिवस” का उद्देश्य कर्मचारियों की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण कर परिवहन निगम के प्रति उनका विश्वास मजबूत करना है. साथ ही बेहतर कार्य वातावरण तैयार कर निगम हित में अधिक प्रभावी ढंग से कार्य करना भी इस पहल का लक्ष्य है.

नोटिस बोर्ड पर चस्पा होंगे आदेश

क्षेत्रीय प्रबंधक ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आदेश की सूचना नोटिस बोर्ड पर चस्पा कर कर्मचारियों और चालक-परिचालकों को इसकी जानकारी दी जाए. साथ ही बैठक की कार्यवाही का रिकॉर्ड सुरक्षित रखने और शिकायतों के निस्तारण की नियमित निगरानी करने के भी निर्देश दिए गए हैं.

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें