कलेक्ट्रेट गेट पर दंपति ने बच्ची के साथ आत्मदाह का किया प्रयास, पुलिस की सतर्कता से टली बड़ी घटना

सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बरेली। कलेक्ट्रेट गेट पर गुरुवार सुबह उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक दंपति अपनी मासूम बेटी के साथ आत्मदाह करने पहुंच गया। दंपति ने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों की सतर्कता से बड़ी घटना टल गई। पुलिस ने समय रहते पेट्रोल की बोतल छीन ली और तीनों को सुरक्षित बचा लिया।

जानकारी के अनुसार मीरगंज थाना क्षेत्र के खमरिया साहनी गांव निवासी लाल सिंह अपनी पत्नी और बेटी के साथ सुबह करीब 11:45 बजे कलेक्ट्रेट पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़क लिया और आग लगाने की कोशिश की। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात इंटेलिजेंस दरोगा ओपी सिंह, अमित, ड्यूटी इंचार्ज संदीप शर्मा, होमगार्ड राजपाल सिंह और होमगार्ड मीरा ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उनके हाथ से पेट्रोल की बोतल छीन ली। पुलिसकर्मियों ने दंपति और बच्ची को सुरक्षित पकड़कर घटना को बढ़ने से रोक दिया।

40 साल पुराने रास्ते के विवाद से परेशान होने का आरोप

लाल सिंह ने बताया कि उनके घर के निकास को लेकर पड़ोसियों से करीब 40 वर्षों से विवाद चल रहा है। उनका आरोप है कि उन्होंने थाना दिवस, संपूर्ण समाधान दिवस और अन्य अधिकारियों से कई बार शिकायत की, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मीरगंज एसडीएम कार्यालय में तैनात एक होमगार्ड लंबे समय से उन्हें परेशान कर रहा था। इसी से आहत होकर उन्होंने यह कदम उठाने का प्रयास किया।

जिला अस्पताल भेजा गया, जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दंपति और उनकी बेटी को जिला अस्पताल भेजा। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। दंपति की शिकायत और लगाए गए आरोपों की जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

घटना के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल रहा, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें