बरेली: उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है. बरेली क्षेत्र में संविदा के आधार पर 200 चालकों की भर्ती के लिए 29 जून 2026 को रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा. यह रोजगार मेला क्षेत्रीय कार्यशाला, सैटेलाइट बस स्टेशन, सीएनजी पंप के पास आयोजित होगा.
रोडवेज अधिकारियों के अनुसार भर्ती संविदा के आधार पर की जाएगी. चयनित अभ्यर्थियों को तय मानकों के अनुसार भुगतान और अन्य सुविधाएं भी मिलेंगी.
ये रहे पात्रता के मानक
भर्ती के लिए अभ्यर्थी की न्यूनतम लंबाई 5 फीट 3 इंच निर्धारित की गई है. आयु 23 वर्ष 6 माह से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए. उम्मीदवार कम से कम 8वीं पास हो और उसके पास दो साल पुराना हेवी ड्राइविंग लाइसेंस होना जरूरी है.
भुगतान और सुविधाएं
चयनित संविदा चालकों को 2.06 रुपये प्रति किलोमीटर की दर से भुगतान किया जाएगा. यदि चालक महीने में 22 दिन ड्यूटी करते हुए 5000 किलोमीटर का संचालन पूरा करता है तो उसे 3000 रुपये प्रोत्साहन राशि भी मिलेगी. इसके अलावा पीएफ, यात्रा भत्ता, नाइट भत्ता और 7.5 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा जैसी सुविधाएं भी दी जाएंगी.
29 जून को होगा रोजगार मेला
रोजगार मेला 29 जून 2026 को क्षेत्रीय कार्यशाला, सैटेलाइट बस स्टेशन, सीएनजी पंप के पास, बरेली में आयोजित होगा. इच्छुक अभ्यर्थियों से निर्धारित योग्यता के साथ समय पर पहुंचने की अपील की गई है.













