रामगंगा का सीना चीर रहे थे खनन माफिया, तड़के छापे में चार ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त

सुनने के लिए यहां क्लिक करें

एसडीएम सदर के नेतृत्व में सुबह साढ़े पांच बजे कार्रवाई, तीन आरोपी हिरासत में, कई वाहन फरार

बरेली। रामगंगा नदी किनारे अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने बुधवार तड़के बड़ी कार्रवाई करते हुए खनन माफियाओं पर शिकंजा कस दिया। एसडीएम सदर के नेतृत्व में हुई छापेमारी के दौरान चार ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर ली गईं, जबकि मौके से तीन लोगों को हिरासत में लिया गया। कार्रवाई से अवैध खनन में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, प्रशासन को ग्राम मिलक रौंदी के पास रामगंगा नदी किनारे अवैध खनन की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसी के आधार पर एसडीएम सदर प्रमोद कुमार के नेतृत्व में मंगलवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे राजस्व और पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी की। टीम के पहुंचते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

छापे के दौरान चार ट्रैक्टर-ट्रॉली अवैध रूप से खनन सामग्री का परिवहन करते हुए पकड़ी गईं। वहीं तीन लोगों को भी हिरासत में लिया गया। प्रशासनिक टीम को देखकर एक लोडर और दो ट्रैक्टर-ट्रॉली कच्चे रास्तों का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। फरार वाहनों और उनके संचालकों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है।

पकड़े गए सभी वाहनों को सुभाषनगर थाने में खड़ा करा दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि संबंधित लोगों के खिलाफ जुर्माना लगाने के साथ-साथ खनन नियमों के उल्लंघन में विधिक कार्रवाई भी की जाएगी।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। रामगंगा और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।

एसडीएम सदर प्रमोद कुमार ने बताया कि रामगंगा नदी किनारे अवैध खनन की सूचना मिलने पर सुबह छापेमारी की गई थी। कार्रवाई के दौरान चार ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी गई हैं तथा तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। सभी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। फरार हुए वाहनों की भी तलाश कराई जा रही है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें