बरेली। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने महादेवपुरम आवासीय योजना के लिए भूमि देने वाले किसानों को सर्किल रेट के चार गुना के आधार पर मुआवजे के चेक वितरित किए। गुरुवार को बीडीए उपाध्यक्ष ने किसानों को चेक सौंपे।
बीडीए की ओर से दिल्ली-लखनऊ बड़े बाइपास और बरेली-पीलीभीत हाईवे के किनारे विकसित की जा रही महादेवपुरम आवासीय योजना के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है। इसी क्रम में ग्राम आसपुर खूबचंद्र, अहिलादपुर और कुम्हरा के किसानों को मुआवजे का भुगतान किया गया।
ग्राम आसपुर खूबचंद्र के अशोक कुमार सक्सेना को करीब 1.01 करोड़ रुपये, अहिलादपुर के नत्थू लाल को 21.60 लाख रुपये, हरीश कुमार को करीब 1.86 करोड़ रुपये तथा कुम्हरा के महेंद्र पाल सिंह समेत अन्य किसानों को करीब 2.63 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया गया।
बीडीए अधिकारियों के अनुसार महादेवपुरम आवासीय योजना प्राधिकरण की सबसे बड़ी योजनाओं में शामिल है। यह योजना दिल्ली-लखनऊ बड़े बाइपास और बरेली-पीलीभीत हाईवे से सटी हुई है। योजना में 45 मीटर और 30 मीटर चौड़ी जोनल सड़कें विकसित की जाएंगी। इसके अलावा 18 मीटर तक चौड़ी आंतरिक सड़कें बनाई जाएंगी।
योजना की खास बात यह होगी कि बिजली की सभी लाइनें भूमिगत रहेंगी और 132 केवी विद्युत उपकेंद्र भी स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा एम्यूजमेंट पार्क, कम्युनिटी सेंटर, सेंट्रल पार्क और अन्य पार्क विकसित किए जाएंगे।
बीडीए का कहना है कि योजना में आवासीय और व्यावसायिक भूखंडों के साथ होटल, अस्पताल, शैक्षिक संस्थान, साइबर सिटी और मल्टीप्लेक्स के लिए भी जगह निर्धारित की जाएगी। इससे क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और आसपास के गांवों का भी विकास होगा।
अधिकारियों के मुताबिक किसानों की सहमति से भूमि खरीदकर आवासीय योजना विकसित करने वाला बरेली विकास प्राधिकरण प्रदेश का पहला प्राधिकरण है।













