सौम्या पांडेय ने अधिकारियों को दिए निर्देश, धीमे काम पर जताई नाराजगी
बरेली। मुख्यमंत्री के संभावित दौरे से पहले बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) की उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय विकास परियोजनाओं को लेकर पूरी तरह सक्रिय हो गई हैं। शुक्रवार को उन्होंने अधिकारियों की टीम के साथ शहर की कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का निरीक्षण किया और काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।
सबसे पहले उन्होंने प्रस्तावित इंडस्ट्रियल टाउनशिप परियोजना का जायजा लिया। भूमि अधिग्रहण की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही परियोजना को गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ने की संभावनाओं पर भी चर्चा की, ताकि भविष्य में निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ सकें।
इसके बाद प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनाए जा रहे आवासों का निरीक्षण कर पात्र लाभार्थियों को जल्द कब्जा दिलाने को कहा। साइंस पार्क और बॉक्स विलेज परियोजना में देरी पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों को सख्त निर्देश दिए।
उपाध्यक्ष ने मुख्यमंत्री कंपोजिट स्कूल, एलआईजी और ईडब्ल्यूएस आवासीय योजनाओं, रुद्र वनम पार्क और महादेवपुरम आवासीय योजना का भी निरीक्षण किया। उन्होंने योजनाओं को अधिक सुविधाजनक और आकर्षक बनाने पर जोर दिया।
ग्रेटर बरेली योजना में बन रहे ओवरहेड वाटर टैंक, बीसलपुर रोड के नाले और निर्माणाधीन एसटीपी की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।













