स्थानीय युवकों और समाज हित सेवा फाउंडेशन की सतर्कता से छह वर्षीय बहन व चार वर्षीय भाई सकुशल पिता तक पहुंचे
बरेली। थाना बारादरी क्षेत्र में रास्ता भटक गए दो मासूम बच्चों को स्थानीय युवकों, समाज हित सेवा फाउंडेशन और पुलिस की तत्परता से कुछ ही देर में उनके पिता से मिला दिया गया। बच्चों के सकुशल मिलने पर परिवार ने राहत की सांस ली।
घटना 12 जुलाई की शाम करीब साढ़े सात बजे की है। मालियों की पुलिया इलाके में छह वर्षीय बच्ची और चार वर्षीय बच्चा अकेले घूमते मिले। दोनों घर का पता नहीं बता पा रहे थे।
इसी दौरान कटरा चांद खां निवासी मोहम्मद हयात अजहरी की नजर बच्चों पर पड़ी। उन्होंने अपने साथियों के साथ बच्चों से जानकारी लेने और आसपास परिजनों की तलाश करने का प्रयास किया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने समाज हित सेवा फाउंडेशन के संस्थापक अध्यक्ष मोमिन खान को सूचना दी। फाउंडेशन के सदस्य बच्चों को लेकर थाना बारादरी पहुंचे।
थाने में पूछताछ के दौरान बच्चों के पिता सबदर अली निवासी जोगी नवादा भी पहुंच गए। पुलिस ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दोनों बच्चों को सकुशल उनके पिता के सुपुर्द कर दिया।
बच्चों को सुरक्षित वापस मिलने पर पिता सबदर अली ने थाना बारादरी पुलिस, स्थानीय युवकों और समाज हित सेवा फाउंडेशन का आभार जताया।
समाज हित सेवा फाउंडेशन के संस्थापक अध्यक्ष मोमिन खान ने लोगों से अपील की कि यदि कोई बच्चा अकेला या भटका हुआ मिले तो उसे सुरक्षित स्थान पर रखकर तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि उसे जल्द से जल्द उसके परिवार तक पहुंचाया जा सके।।इस दौरान जोगी नवादा के सभासद उस्मान अलवी, सलमान तहसीनी, मुकीम खान, बिलाल समेत अन्य लोग मौजूद रहे।













