बरेली शराब फैक्ट्री में दर्दनाक हादसा: बॉयलर बेल्ट में फंसकर कर्मचारी की मौत, शव रखकर परिजनों का हंगामा

सुनने के लिए यहां क्लिक करें

24 घंटे से अधिक ड्यूटी कराने का आरोप, फैक्ट्री गेट पर धरना; पुलिस और प्रशासन ने संभाला मोर्चा

बरेली। सीबीगंज स्थित सुपीरियर इंडस्ट्रीज (शराब फैक्ट्री) में बुधवार को हुए दर्दनाक हादसे में एक कर्मचारी की मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए परिजन शव लेकर फैक्ट्री गेट पर पहुंच गए और प्रबंधन के खिलाफ धरना देकर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और काफी देर तक चली वार्ता के बाद मामला शांत कराया।

मृतक की पहचान सतपाल (50) पुत्र रामलाल निवासी ग्राम धीरपुर, थाना बिशारतगंज, तहसील आंवला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह फैक्ट्री में काम के दौरान अचानक बॉयलर की बेल्ट (पट्टे) में फंस गए। हादसे में गंभीर रूप से घायल सतपाल को साथियों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद फैक्ट्री प्रशासन शव को लेकर परिजनों के घर जा रहा था। इसी दौरान घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों ने रास्ते में वाहन रोक लिया और शव को वापस फैक्ट्री गेट पर ले आए। यहां शव रखकर उन्होंने प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया।

24 घंटे से ज्यादा ड्यूटी कराने का आरोप

मृतक के साथी कर्मचारियों का आरोप है कि सतपाल से लगातार 24 घंटे से अधिक समय तक ड्यूटी कराई गई थी। उनका कहना है कि अत्यधिक थकान के कारण यह हादसा हुआ। कर्मचारियों ने फैक्ट्री में श्रमिकों से लंबे समय तक काम लेने और सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

चार बेटों और दो बेटियों के सिर से उठा पिता का साया

सतपाल अपने पीछे चार बेटे और दो बेटियां छोड़ गए हैं। उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव धीरपुर में भी शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस बोली- जांच के बाद होगी कार्रवाई

हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने परिजनों को उचित कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद मामला शांत हुआ। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, हादसे के बाद फैक्ट्री में सुरक्षा व्यवस्था और श्रमिकों से कराए जा रहे कार्य घंटों को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। संभावना जताई जा रही है कि श्रम विभाग और संबंधित अधिकारी भी सुरक्षा मानकों और कार्य परिस्थितियों की जांच करेंगे।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें