बरेली: वनवे बने हाईवे पर मौत की टक्कर, पंजाब लौट रहे तीन यात्रियों की जान गई

सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बरेली। बरेली-पीलीभीत हाईवे पर निर्माण कार्य के दौरान बनाए गए वनवे सिस्टम के बीच गुरुवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में पंजाब के तीन यात्रियों की मौत हो गई। नवाबगंज थाना क्षेत्र के इनायतपुर गांव के पास ऑक्सीजन सिलिंडर से भरे कैंटर और स्कॉर्पियो की आमने-सामने भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि कार में सवार तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान पंजाब के फतेहगढ़ जिले की भूपेंद्र कौर (62), हरजीत सिंह (60) और लुधियाना निवासी संतोष सिंह (65) के रूप में हुई है। घायल कार चालक मुकुंद सिंह और लाडी सिंह का अस्पताल में इलाज चल रहा है। सभी लोग लखीमपुर खीरी के पलिया से पंजाब लौट रहे थे।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां हाईवे निर्माण के कारण ट्रैफिक वनवे कर दिया गया था। इसी दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की सामने से आ रहे कैंटर से आमने-सामने टक्कर हो गई। कैंटर में ऑक्सीजन सिलिंडर लदे हुए थे।

सूचना मिलते ही नवाबगंज पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर हटवाया गया। कैंटर चालक पंचम लाल निवासी मथुरापुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि दुर्घटना की वजह तेज रफ्तार थी या निर्माण कार्य के दौरान बदला गया ट्रैफिक प्रबंधन।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें