मानसून सत्र में रोजगार, किसान, शिक्षा और बरेली के मुद्दे उठाएंगे आंवला सांसद नीरज मौर्य

सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बरेली। आंवला से सांसद नीरज मौर्य ने कहा है कि 20 जुलाई से शुरू हो रहे संसद के मानसून सत्र में वह रोजगार, किसानों, शिक्षा, महंगाई, स्मार्ट सिटी सहित क्षेत्र और देश से जुड़े कई जनहित के मुद्दे संसद में उठाएंगे। शनिवार को सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि सरकार से इन विषयों पर जवाब और ठोस कार्रवाई की मांग की जाएगी।

सांसद ने कहा कि युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पर प्रभावी रोजगार नीति, सरकारी विद्यालयों की गिरती शिक्षा व्यवस्था, घटते नामांकन और शिक्षक भर्ती में टीईटी की अनिवार्यता की समीक्षा जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। इसके अलावा नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं, भर्ती प्रक्रियाओं, बढ़ती बेरोजगारी और महंगाई पर भी सरकार से जवाब मांगा जाएगा।

उन्होंने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने के दावों की वास्तविक स्थिति, फसलों के नुकसान पर मुआवजे की विसंगतियां, एमएसपी को कानूनी गारंटी, किसानों की कर्जमाफी, खाद की उपलब्धता और डीजल-पेट्रोल की बढ़ती कीमतों से कृषि लागत बढ़ने जैसे मुद्दे भी संसद में रखे जाएंगे।

सांसद मौर्य ने स्मार्ट सिटी मिशन के कार्यों की समीक्षा और कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच की मांग करने की बात कही। साथ ही थानों, तहसीलों और विभिन्न सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार, चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली, चुनावी पारदर्शिता, चुनावी चंदे, ई-20 ईंधन नीति और डीजल में ब्यूटेनॉल मिश्रण के संभावित प्रभावों पर भी चर्चा की जाएगी।

बरेली के स्थानीय मुद्दों को भी देंगे प्राथमिकता

नीरज मौर्य ने कहा कि संसद में बरेली और आंवला क्षेत्र के स्थानीय मुद्दों को भी मजबूती से उठाया जाएगा। उन्होंने किसानों के लिए पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने, बंद पड़ी रबर फैक्ट्री का समाधान निकालने, 300 बेड अस्पताल को पूरी क्षमता से संचालित कराने और बरेली में एम्स की स्थापना की मांग को लेकर सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखने की बात कही।।उन्होंने कहा कि संसद में उठाए जाने वाले सभी मुद्दे जनता की आवाज हैं और उनका प्रयास रहेगा कि सरकार इन पर स्पष्ट जवाब दे तथा समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाए।

प्रेस वार्ता में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव, पीयूष वर्मा, डॉ. नरेंद्र गौतम, मयंक शुक्ला, सत्यवीर चौहान, संजय शास्त्री, शगुन तोमर, शिवकुमार शाक्य समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें