बरेली। स्मार्ट सिटी की सड़कों के दावों के बीच सोमवार सुबह संजय नगर चौराहे के पास बारिश के दौरान एचपी गैस का CNG सिलेंडरों से भरा ट्रक पलट गया। ट्रक में 60 से अधिक खाली लेकिन प्रेशरयुक्त CNG सिलेंडर लदे थे। ट्रक पलटते ही सिलेंडरों से गैस का रिसाव शुरू हो गया और तेज धमाके जैसी आवाज सुनकर आसपास के लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए। गनीमत रही कि समय रहते पुलिस, फायर ब्रिगेड और स्थानीय लोगों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।
हल्द्वानी से लौट रहे ट्रक के चालक ने बताया कि बारिश के कारण सड़क फिसलन भरी थी। ब्रेक लगाते समय ट्रक अनियंत्रित होकर भगवान महर्षि कश्यप चौक पर लगी प्रतिमा से टकराने के बाद पलट गया। चालक काफी देर तक ट्रक के अंदर फंसा रहा। आसपास मौजूद ऑटो चालकों और स्थानीय लोगों ने शीशा तोड़कर उसे सुरक्षित बाहर निकाला।
गैस रिसाव की सूचना मिलते ही इलाके की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। करीब 200 मीटर दूर पेट्रोल पंप होने से प्रशासन की चिंता और बढ़ गई। पुलिस ने संजय नगर चौराहे के आसपास का यातायात रोककर लोगों को सुरक्षित दूरी पर हटा दिया, जबकि फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर तैनात कर दी गईं।
ट्रक पलटने से कई सिलेंडरों के वाल्व दब गए थे, जिससे लगातार गैस निकल रही थी। फायर स्टेशन के जूनियर अधिकारी संजीव यादव की निगरानी में घंटों तक रेस्क्यू अभियान चलाकर गैस रिसाव को नियंत्रित किया गया।
मौके पर मौजूद अस्पताल कर्मियों ने बताया कि सुबह तेज धमाके जैसी आवाज सुनकर वे बाहर निकले तो सड़क पर गैस ट्रक पलटा मिला। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के बाद सड़क की खराब हालत और फिसलन इस हादसे की बड़ी वजह बनी। लोगों ने स्मार्ट सिटी की सड़कों की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर समय रहते बचाव नहीं होता तो बड़ा गैस हादसा हो सकता था। पुलिस और फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई तथा स्थानीय लोगों की बहादुरी से कई लोगों की जान बच गई।












