बरेली। रेलवे बोर्ड के निर्देश पर पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में मंगलवार को ‘स्वच्छता से स्वागत’ अभियान चलाया गया। मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन में प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर विशेष सफाई अभियान के साथ यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के तहत काठगोदाम, लालकुआं, रुद्रपुर सिटी, कासगंज, फर्रुखाबाद और कन्नौज समेत मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, प्रतीक्षालय, शौचालय, रेलवे ट्रैक और यात्री सुविधाओं वाले स्थानों की मशीनीकृत और गहन सफाई कराई गई। अधिकारियों ने सफाई व्यवस्था का निरीक्षण भी किया।
यात्रियों से स्टेशन परिसर को साफ-सुथरा रखने और कूड़ा निर्धारित डस्टबिन में डालने की अपील की गई। अभियान को जनभागीदारी से जोड़ने के लिए ईएनएचएम और ऑनबोर्ड फ्रंटलाइन स्टाफ ने ‘स्वच्छता से स्वागत’ संदेश वाले बैज पहनकर जागरूकता रैली निकाली और लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया। रेलवे की ओर से अभियान का प्रचार-प्रसार सोशल मीडिया के माध्यम से भी किया जा रहा है।












