डीएम का फैसला: हर सावन सोमवार विद्यार्थियों की छुट्टी

सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बच्चों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को देखते हुए फैसला, स्टाफ रहेगा उपस्थित, निर्धारित परीक्षाएं होंगी यथावत

बरेली। कांवड़ यात्रा के दौरान विद्यार्थियों की सुरक्षा और शहर की यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने सावन माह के प्रत्येक सोमवार को बड़ा फैसला लिया है। जारी कार्यालय आदेश के अनुसार बरेली महानगर के सभी बोर्डों से संचालित स्कूलों के साथ-साथ दिल्ली रोड और बदायूं रोड के पांच किलोमीटर दायरे में स्थित शिक्षण संस्थानों में प्रत्येक सावन सोमवार को विद्यार्थियों का अवकाश रहेगा।

आदेश के अनुसार यह अवकाश यूपी बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई सहित अन्य बोर्डों के स्कूलों पर लागू होगा। इसके अलावा आईटीआई, पॉलिटेक्निक, तकनीकी कॉलेज, महाविद्यालय और अन्य शिक्षण संस्थानों में भी विद्यार्थियों की छुट्टी रहेगी। हालांकि विद्यालयों एवं संस्थानों का समस्त स्टाफ शासकीय कार्यों के लिए नियमित रूप से उपस्थित रहेगा।

जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने आदेश में कहा है कि सावन के प्रत्येक सोमवार को बड़ी संख्या में कांवड़ियों के शहर और प्रमुख मार्गों से गुजरने के कारण कई स्थानों पर यातायात प्रभावित होता है। ऐसे में छात्रों के आवागमन में कठिनाई और दुर्घटना की आशंका को देखते हुए यह निर्णय जनहित में लिया गया है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी विश्वविद्यालय, महाविद्यालय या अन्य शिक्षण संस्थान में किसी बोर्ड, विश्वविद्यालय अथवा आयोग द्वारा पूर्व निर्धारित परीक्षा आयोजित की जानी है, तो वह पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही संपन्न होगी।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं, जबकि सभी समाचार पत्रों से इस सूचना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का अनुरोध किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें