बरेली। आगामी 108वें उर्स-ए-आला हजरत (6 से 8 अगस्त) और सावन माह के दौरान होने वाले धार्मिक आयोजनों को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। शुक्रवार को जिलाधिकारी अविनाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने इस्लामिया इंटर कॉलेज ग्राउंड और सीबीगंज स्थित जामियातुर रजा मथुरापुर का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने इस्लामिया ग्राउंड में मंच, बैरिकेडिंग, वॉच टावर, पेयजल, शौचालय, प्रवेश और निकास द्वार तथा लंगर व्यवस्था का निरीक्षण किया। वहीं दरगाह प्रबंधन ने प्रकाश व्यवस्था, सफाई, पेयजल और सीवर से जुड़ी समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया। इसके बाद जामियातुर रजा मथुरापुर में नालों और ट्रांसफार्मरों की बैरिकेडिंग कराने तथा शौचालयों की व्यवस्था बेहतर रखने के निर्देश दिए गए।
डीएम अविनाश सिंह ने कहा कि उर्स में आने वाले लाखों जायरीनों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि पूरे आयोजन क्षेत्र को जोन, सेक्टर जोन और सेक्टर में विभाजित कर अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगा दी गई है। साथ ही स्पष्ट किया कि कोई नई परंपरा शुरू न की जाए और ऐसा कोई कार्य न हो जिससे किसी समुदाय की भावनाएं आहत हों।
डीएम ने बताया कि सावन माह, चारों श्रावण सोमवार, चेहल्लुम, उर्स-ए-आला हजरत, श्रावण शिवरात्रि, नागपंचमी और बारावफात जैसे कई बड़े धार्मिक आयोजन एक ही अवधि में पड़ रहे हैं। इसे देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। कछला घाट से जल लेकर आने वाले कांवड़ियों की सुविधा के लिए प्रमुख नाथ मंदिरों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। मुख्य मार्गों पर विश्राम गृह बनाए गए हैं, जहां शुद्ध भोजन, पेयजल, मोबाइल टॉयलेट और मेडिकल कैंप की व्यवस्था रहेगी।
उन्होंने बताया कि बिजली के पोलों पर प्लास्टिक शीट लगाई गई है तथा ट्रांसफार्मरों की बैरिकेडिंग कराई गई है। वहीं जनपद के प्रमुख मार्गों पर बरेली विकास प्राधिकरण द्वारा नाथ मंदिरों के नाम से आकर्षक स्वागत द्वार बनाए गए हैं, जिन्हें विशेष रोशनी और सजावट से सजाया गया है।
प्रशासन ने बताया कि इस वर्ष भी सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल देखने को मिलेगी। मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में दोनों समुदाय एक-दूसरे पर पुष्प वर्षा कर स्वागत की तैयारी कर रहे हैं। इसके अलावा पिछले वर्ष की तरह इस बार भी हेलीकॉप्टर से कांवड़ियों और प्रमुख नाथ मंदिरों पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान बरेली विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष सौम्या पाण्डेय, नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, एडीएम सिटी अविनाश त्रिपाठी, एसपी सिटी मानुष पारीक, एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान, नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।














