बरेली। हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत बुधवार को बरेली देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। शहर में सुबह बाइक-स्कूटी तिरंगा यात्रा और शाम को पैदल तिरंगा रैली निकाली गई। दोनों आयोजनों में अधिकारियों, कर्मचारियों, आईटीबीपी जवानों समेत बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया। हाथों में तिरंगा और जुबां पर देशभक्ति के नारों ने माहौल को जोश से भर दिया।
सुबह नौ बजे बिशप मंडल इंटर कॉलेज से जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बाइक-स्कूटी तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जिलाधिकारी स्वयं भी यात्रा में शामिल हुए। यात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए स्पोर्ट्स स्टेडियम पहुंचकर संपन्न हुई। रास्तेभर तिरंगा लहराते लोग देशभक्ति के नारों के साथ आगे बढ़ते रहे।
इसके बाद शाम पांच बजे विकास भवन परिसर से पैदल तिरंगा रैली निकाली गई। रैली गांधी उद्यान, चौकी चौराहा और जिलाधिकारी आवास के सामने से होते हुए कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचकर समाप्त हुई। इसमें पंचायती राज, ग्राम्य विकास समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए।
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करते हुए देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में योगदान देना चाहिए।
उन्होंने लोगों से अपील की कि अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर पूरे सम्मान के साथ तिरंगा फहराएं और अभियान को जनभागीदारी से सफल बनाएं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को 14 अगस्त को प्रस्तावित तिरंगा यात्रा में भी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
यात्रा में मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, संयुक्त मजिस्ट्रेट/उपजिलाधिकारी सदर इशिता किशोर, अपर जिलाधिकारी नगर अविनाश त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन पूर्णिमा सिंह समेत बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी, आईटीबीपी जवान और आमजन मौजूद रहे।














