फायर बाइक तैनात, महिला पुलिसकर्मियों और होमगार्ड की बढ़ाई गई ड्यूटी; आने वालों की जांच भी शुरू
बरेली। डीएम और एसएसपी कार्यालय के बाहर हाल के दिनों में विरोध के दौरान गंभीर घटनाओं के प्रयासों को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी है। अधिकारियों ने साफ किया है कि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए कार्यालय परिसरों में निगरानी बढ़ाई गई है।
डीएम और एसएसपी कार्यालय के बाहर फायर ब्रिगेड की बाइक तैनात की गई है। आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए पुलिसकर्मियों की ड्यूटी भी लगाई गई है। इसके साथ ही स्थानीय अभिसूचना इकाई (एलआईयू) की महिला पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ाई गई है। इंटेलिजेंस के उपनिरीक्षक भी कार्यालय के आसपास की गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं।
हर आने-जाने वाले पर नजर
सुरक्षा के मद्देनजर कार्यालय परिसर के बाहर अलग-अलग स्थानों पर होमगार्ड के जवानों की तैनाती की गई है। कार्यालय आने वाले लोगों के सामान की जांच की जा रही है। पानी की बोतल समेत अन्य सामान को भी सुरक्षा जांच के दायरे में रखा गया है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।
शिकायतों के समाधान पर भी जोर
प्रशासन का कहना है कि फरियादियों की समस्याओं को सुनकर संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके निस्तारण के निर्देश दिए जा रहे हैं। शिकायतों का नियमानुसार और निष्पक्ष समाधान कराने पर जोर है, ताकि किसी व्यक्ति को दबाव बनाने के लिए कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती पैदा करने वाला कदम उठाने की स्थिति न आए।
प्रशासन का संदेश साफ है-फरियाद लेकर कार्यालय आने वालों की सुरक्षा भी जरूरी है और सरकारी कार्यालयों की सुरक्षा भी।














