अमित शर्मा/बरेली । महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति आचार्य डॉ. अनिल कुमार राय ने बुधवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल से शिष्टाचार भेंट की। राजभवन में हुई मुलाकात के दौरान कुलपति ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, शोध कार्यों और भविष्य की योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी।
कुलपति ने राज्यपाल को विश्वविद्यालय में संचालित विभिन्न शैक्षणिक कार्यक्रमों, शोध परियोजनाओं और विद्यार्थियों के लिए किए जा रहे प्रयासों से अवगत कराया। उन्होंने विश्वविद्यालय में उच्च शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, शोध को बढ़ावा देने और नई तकनीकों एवं नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए किए जा रहे कार्यों की भी जानकारी दी।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने विश्वविद्यालय की ओर से शिक्षा और शोध के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने उच्च शिक्षा में गुणवत्ता, नवाचार और विद्यार्थियों के समग्र विकास पर विशेष जोर देते हुए कुलपति को आवश्यक मार्गदर्शन दिया। साथ ही विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों को और प्रभावी बनाने के लिए निरंतर प्रयास करने की अपेक्षा जताई।
इसके बाद कुलपति आचार्य डॉ. अनिल कुमार राय ने प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय से भी मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मंत्री को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों और विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। विश्वविद्यालय में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए किए जा रहे कार्यों पर भी चर्चा हुई।
कुलपति ने उच्च शिक्षा मंत्री को राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के विश्वविद्यालय में क्रियान्वयन की प्रगति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि नई शिक्षा नीति के अनुरूप पाठ्यक्रम, शिक्षण पद्धति, कौशल विकास और विद्यार्थियों को रोजगारपरक शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। मुलाकात के दौरान विश्वविद्यालय के आगामी शैक्षणिक एवं विकास संबंधी योजनाओं पर भी विचार-विमर्श हुआ।














