खाली जमीन पर विकास का प्लान, पार्किंग से पार्क तक बनेगी नई पहचान

सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वर्किंग वुमेन हॉस्टल और वृद्धाश्रम के लिए जमीन तलाशेगा बीडीए, प्रमुख चौराहों के सौन्दर्यीकरण की भी तैयारी

बरेली। शहर के विकास और सौन्दर्यीकरण को लेकर जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में शहर में उपलब्ध सरकारी जमीन के बेहतर इस्तेमाल से लेकर पार्किंग, पार्क और नागरिक सुविधाओं के विस्तार पर मंथन हुआ।

जिलाधिकारी ने नगर सीलिंग से अतिरिक्त उपलब्ध जमीन का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही बरेली विकास प्राधिकरण को पहले उपलब्ध कराई गई जमीन का दोबारा सर्वे कर उसकी वर्तमान स्थिति और उपयोगिता का आकलन करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को शहर के विकास के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए।

कामकाजी महिलाओं को मिलेगा ठिकाना

मुख्यमंत्री की अपेक्षा के अनुरूप शहर में कार्यशील महिलाओं के लिए वर्किंग वुमेन हॉस्टल स्थापित करने की तैयारी है। डीएम ने इसके लिए बीडीए को जल्द उपयुक्त जमीन चिह्नित करने के निर्देश दिए। वहीं आश्रयहीन बुजुर्गों के लिए ‘दादा-दादी पार्क’ नाम से वृद्धाश्रम विकसित करने की संभावना तलाशने को भी कहा।

पार्किंग के लिए तलाशेंगे सही ठिकाना

शहर में बढ़ती पार्किंग समस्या को देखते हुए मल्टी लेवल पार्किंग के लिए भी जमीन तलाशने के निर्देश दिए गए। डीएम ने कहा कि ऐसी जगह चिन्हित की जाए, जहां पार्किंग की सबसे ज्यादा जरूरत और उपयोगिता हो। प्रमुख चौराहों के सौन्दर्यीकरण की योजना बनाने पर भी जोर दिया गया।

रामायण वाटिका की तर्ज पर बनेंगे थीम पार्क

बैठक में शहर के पार्कों के विकास पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने रामायण वाटिका की तर्ज पर अलग-अलग थीम पर आधारित नए पार्क विकसित करने की योजना तैयार करने के निर्देश दिए। इससे शहर के सौन्दर्यीकरण के साथ नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक स्थल उपलब्ध कराने की योजना है। बैठक में नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पाण्डेय, अपर जिलाधिकारी नगर अविनाश त्रिपाठी, संयुक्त सचिव बीडीए समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें