रमित शर्मा राजधानी के नए एडीजी जोन, प्रवीण कुमार को मिली बरेली की जिम्मेदारी; शासन के आदेश से पुलिस महकमे में बदले समीकरण
लखनऊ – बरेली । उत्तर प्रदेश पुलिस में शासन ने एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए दो महत्वपूर्ण जोन की कमान बदल दी है। बरेली और लखनऊ जोन के अपर पुलिस महानिदेशकों का तबादला कर जिम्मेदारियों का नया बंटवारा किया गया है। इस बदलाव के बाद दोनों जोन में पुलिसिंग की कमान नए अधिकारियों के हाथों में होगी। शासन के इस निर्णय को पुलिस महकमे में अहम प्रशासनिक बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। वर्ष 1999 बैच के आईपीएस अधिकारी रमित शर्मा को बरेली जोन से हटाकर लखनऊ जोन का अपर पुलिस महानिदेशक बनाया गया है। वह अब तक बरेली जोन में एडीजी के पद पर तैनात थे। वहीं, वर्ष 2001 बैच के आईपीएस अधिकारी प्रवीण कुमार को लखनऊ जोन से स्थानांतरित कर बरेली जोन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वह इससे पहले लखनऊ जोन में एडीजी के रूप में कार्यरत थे।
दोनों अधिकारियों की अदला-बदली से पुलिस प्रशासन में नई कार्ययोजना और प्राथमिकताओं को लेकर हलचल शुरू हो गई है। रमित शर्मा के सामने लखनऊ जोन में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने की चुनौती होगी, जबकि प्रवीण कुमार को बरेली जोन के जिलों में अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निस्तारण और पुलिस की कार्यप्रणाली को प्रभावी बनाने की जिम्मेदारी निभानी होगी।
बरेली जोन के लिए यह बदलाव इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि यहां कानून-व्यवस्था के साथ अपराधों पर प्रभावी अंकुश और जनशिकायतों का त्वरित निस्तारण पुलिस के सामने प्रमुख चुनौतियां हैं। अब नए एडीजी की कार्यशैली और प्राथमिकताओं पर सभी की निगाहें रहेंगी।












