नकदी और कीमती दस्तावेज ले जाने का आरोप, जिला अस्पताल में भी हुआ हंगामा
बरेली। बारादरी थाना क्षेत्र के पुराना शहर स्थित नवादा शेखान में मालियों के मंदिर के पास टेंपो खड़ा करने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि कुछ युवकों ने एक किन्नर और उसके साथियों के साथ मारपीट की। इसके बाद उनकी कार पर ईंट-पत्थर बरसाकर तोड़फोड़ कर दी गई। पीड़ित पक्ष ने कार में रखी नकदी और कीमती दस्तावेज ले जाने का भी आरोप लगाया है। मामले की शिकायत पुलिस से की गई है।
घटना की सूचना पर बारादरी पुलिस मौके पर पहुंची। मारपीट में घायल किन्नर के साथी को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। कुछ देर बाद दूसरे पक्ष के लोग भी मेडिकल कराने अस्पताल पहुंच गए। आरोप है कि वहां मौजूद किन्नरों ने दूसरे पक्ष के लोगों को घेर लिया। इसे लेकर अस्पताल में काफी देर तक हंगामा हुआ। घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस के मुताबिक, वायरल वीडियो दो दिन पुराना है। सैटेलाइट चौकी प्रभारी मयंक भारद्वाज ने बताया कि किन्नर के साथी के साथ मारपीट की गई है। वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान कराई जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। क्षेत्र में चीता मोबाइल की गश्त भी बढ़ा दी गई है, ताकि दोबारा विवाद की स्थिति न बने।













