बदायूं और शाहजहांपुर भी संयुक्त रूप से अव्वल, मंडल के 68 थानों ने हासिल किया पहला स्थान
बरेली। जन शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण में बरेली परिक्षेत्र ने प्रदेश में बाजी मार ली है। शासन की ओर से जारी अगस्त 2026 की आईजीआरएस रैंकिंग में बरेली परिक्षेत्र को उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान मिला है। यह उपलब्धि पुलिस उपमहानिरीक्षक बरेली परिक्षेत्र अजय कुमार साहनी के निर्देशन में जन शिकायतों के निस्तारण की व्यवस्था को प्रभावी बनाने के बाद हासिल हुई है।
अगस्त माह की रैंकिंग में बदायूं और शाहजहांपुर जनपद ने भी संयुक्त रूप से प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया। वहीं बरेली परिक्षेत्र के कुल 68 थाने संयुक्त रूप से प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहे।बरेली के सभी 24 थानों, बदायूं के 15, पीलीभीत के 10 और शाहजहांपुर के 19 थानों ने आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में संयुक्त रूप से प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है।
बेहतर काम करने वालों को मिलेगा इनाम
आईजीआरएस में बेहतर प्रदर्शन के लिए परिक्षेत्र कार्यालय में तैनात उपनिरीक्षक शालू, कंप्यूटर ऑपरेटर अमरेन्द्र कुमार और आरक्षी सलिल सक्सेना को नगद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। वहीं जिन जनपदों और थानों का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं रहा है, उनके कामकाज की समीक्षा की जाएगी। अधिकारियों का जोर शिकायतों के केवल निस्तारण पर नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध समाधान पर रहेगा।













