छह जिलों की विधानसभा क्षेत्रों में चौपाल और कैडर पंचायत लगाकर कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे सांसद
बरेली। समाजवादी पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच संगठन को जमीन पर मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने आंवला सांसद नीरज मौर्य को महत्वपूर्ण संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें छह जिलों की विधानसभा क्षेत्रों में चौपाल और कैडर पंचायत आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रदेश अध्यक्ष की ओर से सांसद नीरज मौर्य को जारी पत्र के मुताबिक उन्हें फर्रुखाबाद, लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर और उन्नाव की विधानसभा क्षेत्रों का भ्रमण करना होगा। इस दौरान वह स्थानीय कार्यकर्ताओं और लोगों के बीच चौपाल व कैडर पंचायत के माध्यम से पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों की जानकारी देंगे।
सांसद को पार्टी सरकार के दौरान किए गए विकास और जनकल्याणकारी कार्यों को जनता तक पहुंचाने के साथ ही कार्यकर्ताओं से संवाद कर उनके सुझाव और अपेक्षाएं भी जानने की जिम्मेदारी दी गई है। इन सुझावों को पार्टी नेतृत्व तक पहुंचाया जाएगा।
सांसद को छह जिलों की जिम्मेदारी मिलने के बाद उनकी संगठनात्मक सक्रियता अब बरेली मंडल से बाहर भी बढ़ेगी। इसे आगामी विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी के जमीनी संगठन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।













