बिना नक्शा निर्माण पर बीडीए सख्त, उपाध्यक्ष सौम्या पांडे ने किया औचक निरीक्षण; सीलिंग-ध्वस्तीकरण की चेतावनी

सुनने के लिए यहां क्लिक करें

डोहरा रोड से रामपुर रोड तक निर्माणाधीन भवनों की जांच, हर निर्माण स्थल पर स्वीकृत मानचित्र का बोर्ड लगाना होगा अनिवार्य

बरेली। शहर में तेजी से बढ़ रहे अवैध निर्माणों पर लगाम कसने के लिए बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने सख्त रुख अपनाया है। शनिवार को बीडीए की उपाध्यक्ष सौम्या पांडे ने अधिकारियों के साथ डोहरा रोड, पीलीभीत बाईपास, सतीपुर चौराहा, 100 फुटा रोड, मिनी बाईपास और रामपुर रोड समेत कई क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माणाधीन भवनों की मौके पर जांच की गई और नियमों का पालन न मिलने पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष सौम्या पांडे ने स्पष्ट कहा कि बिना स्वीकृत मानचित्र के कोई भी निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर निर्माण कार्य शुरू होने से पहले बीडीए से मानचित्र स्वीकृत होना अनिवार्य है और निर्माण उसी के अनुरूप कराया जाए।

निर्माण स्थल पर लगाना होगा डिस्प्ले बोर्ड

बीडीए ने अब सभी नए निर्माण स्थलों पर डिस्प्ले बोर्ड लगाना अनिवार्य कर दिया है। इस बोर्ड पर स्वीकृत मानचित्र संख्या, स्वीकृति की तिथि और अन्य जरूरी विवरण अंकित होंगे, ताकि मौके पर ही यह स्पष्ट हो सके कि निर्माण वैध है या नहीं।

नियम तोड़े तो होगी सीलिंग और ध्वस्तीकरण

उपाध्यक्ष ने कहा कि जिन भवनों में स्वीकृत मानचित्र से मामूली विचलन है और जिनकी कंपाउंडिंग संभव है, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। लेकिन जो निर्माण नियमों के दायरे में नहीं आते, उनके खिलाफ बिना देरी के सीलिंग, ध्वस्तीकरण और अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित भवन स्वामी या निर्माणकर्ता की होगी।

प्रवर्तन टीम को दिए सख्त निर्देश

सौम्या पांडे ने प्रवर्तन अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने और अवैध निर्माण की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

लोगों से अपील

बीडीए ने शहरवासियों से अपील की है कि भवन निर्माण शुरू करने से पहले मानचित्र अवश्य स्वीकृत कराएं और केवल स्वीकृत नक्शे के अनुसार ही निर्माण करें, ताकि भविष्य में सीलिंग, ध्वस्तीकरण या अन्य कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें