कांवड़ यात्रा को लेकर BDA अलर्ट, प्रमुख मार्गों का निरीक्षण; स्वागत द्वारों पर मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बरेली। कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुगम और श्रद्धामय बनाने के लिए बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्राधिकरण की उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय ने रविवार को शहर के प्रमुख कांवड़ मार्गों और स्वागत स्थलों का निरीक्षण कर अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान शाहजहांपुर रोड, बदायूं रोड, रामपुर रोड और बीसलपुर रोड का जायजा लिया गया। उपाध्यक्ष ने सड़क चौड़ीकरण, मरम्मत, समतलीकरण, जल निकासी, साफ-सफाई और बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मार्गों से कंकड़, गिट्टी व अन्य अवरोध हटाने और निर्माणाधीन पीलीभीत बाईपास रोड के कार्य में तेजी लाने को कहा, ताकि श्रद्धालुओं का आवागमन निर्बाध रहे।

BDA शहर के चारों प्रमुख प्रवेश द्वारों को पुष्प सज्जा, आकर्षक विद्युत प्रकाश और सौंदर्यीकरण से सजाएगा। कांवड़ियों के लिए विशेष सेल्फी प्वाइंट बनाए जाएंगे, जबकि पूरे मार्ग पर भगवान शिव के भजनों के जरिए शिवमय वातावरण तैयार किया जाएगा। प्राधिकरण के अनुसार कछला की ओर से आने वाले कांवड़ियों का स्वागत बदायूं रोड स्थित तपेश्वरनाथ (मढ़ीनाथ) द्वार और हरिद्वार की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत रामपुर रोड स्थित अवैद्यनाथ द्वार पर किया जाएगा। यह विशेष स्वागत कार्यक्रम 16 और 17 अगस्त को आयोजित होगा।

स्वागत स्थलों पर भंडारा, विश्राम स्थल, मेडिकल कैंप, एंबुलेंस, कांवड़ स्टैंड, मोबाइल टॉयलेट, मोबाइल चार्जिंग हब, शुद्ध पेयजल और अंगवस्त्र वितरण जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी व्यवस्थाएं तय समय सीमा में पूरी कर सुचारु रूप से संचालित की जाएं।

उपाध्यक्ष ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ लगातार निगरानी रखें, ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े। BDA का लक्ष्य इस वर्ष कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और यादगार बनाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें