जीरो टॉलरेंस नीति के तहत बड़ी कार्रवाई, जिले की सीमा में दिखे तो होगी सख्त कानूनी कार्रवाई
बरेली। जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार कुख्यात प्रवृत्ति के लोगों को जिला बदर कर दिया है। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने उत्तर प्रदेश गुण्डा नियंत्रण अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए चंद्रबाबू नायडू उर्फ चेतन समेत चार आरोपियों को जिले की सीमा से बाहर रहने का आदेश जारी किया है।
प्रदेश सरकार की अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति के तहत की गई इस कार्रवाई से अपराध जगत में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिला बदर किए गए व्यक्तियों ने यदि आदेश का उल्लंघन किया तो उनके खिलाफ और कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
जिला बदर किए गए आरोपियों में थाना इज्जतनगर क्षेत्र का कृष पटेल, थाना शेरगढ़ का चंद्रबाबू नायडू उर्फ चेतन, थाना शीशगढ़ का नदीम उर्फ एली तथा थाना शेरगढ़ का नन्हे शामिल हैं। इन सभी के विरुद्ध धारा 3(1) उत्तर प्रदेश गुण्डा नियंत्रण अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई की गई है।
जिला अधिकारी का कहना है कि जनपद में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले, भय और आतंक का माहौल पैदा करने वाले तथा आपराधिक गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
“अपराधियों के लिए बरेली में नहीं बचेगी जगह”
जिला प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। अपराधियों के खिलाफ जिला बदरी, गैंगस्टर और अन्य कठोर कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।













