लंबित मामलों पर जताई नाराजगी, कहा- शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी
बरेली। मुख्यमंत्री, राज्यपाल, राजस्व परिषद और मंडलायुक्त के जनता दर्शन में पहुंची शिकायतों के लंबित रहने पर जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने गुरुवार को अफसरों को कड़ी चेतावनी दी। कलेक्ट्रेट सभागार में हुई समीक्षा बैठक में कई मामले लंबित मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए सभी शिकायतों का निस्तारण तीन दिन के भीतर हर हाल में करने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान विभिन्न तहसीलों से जुड़े ऑनलाइन संदर्भों का निस्तारण लंबित पाया गया। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब किया और कहा कि जनता की शिकायतों को फाइलों में दबाकर रखने की प्रवृत्ति अब नहीं चलेगी। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर जवाबदेही तय की जाएगी।
डीएम ने कहा कि आईजीआरएस और जनता दर्शन की शिकायतों का निस्तारण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। मुख्यमंत्री स्तर से इसकी लगातार समीक्षा की जा रही है, इसलिए अधिकारी मामलों को गंभीरता से लें और तय समय में समाधान सुनिश्चित करें।
उन्होंने निर्देश दिए कि जनता दर्शन में प्राप्त हर शिकायत को ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज करने के साथ उसका विवरण रजिस्टर में भी अंकित किया जाए। साथ ही शिकायत का निस्तारण होने के बाद संबंधित अधिकारी स्वयं शिकायतकर्ता से संपर्क कर कार्रवाई की जानकारी दें, ताकि लोगों को भटकना न पड़े।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन पूर्णिमा सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संतोष कुमार सिंह, सभी उप जिलाधिकारी, तहसीलदार और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।













