केंद्र की योजनाओं और उपलब्धियों को चित्रों व प्रदर्शनों के जरिए किया गया प्रस्तुत
बरेली। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद राधा मोहन दास अग्रवाल ने किया। इस दौरान प्रदेश के वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार, सांसद छत्रपाल गंगवार, महापौर डॉ. उमेश गौतम तथा जिलाधिकारी अविनाश सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
प्रदर्शनी में पिछले 12 वर्षों के दौरान केंद्र सरकार द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में किए गए कार्यों और उपलब्धियों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया। डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान कल्याण, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार तथा आधारभूत संरचना विकास से जुड़ी योजनाओं को चित्रों, चार्ट और सूचना पटलों के माध्यम से दर्शाया गया। बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर राधा मोहन दास अग्रवाल ने कहा कि बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास और सुशासन के नए आयाम स्थापित किए हैं। सरकार की प्राथमिकता अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना रही है। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रदर्शनियां जनसामान्य को सरकार की उपलब्धियों और नीतियों से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं।
कार्यक्रम में मीरगंज विधायक डी.सी. वर्मा, बिथरी चैनपुर विधायक डॉ. राघवेन्द्र सिंह, नवाबगंज विधायक डॉ. एम.पी. आर्य, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, एमएलसी बोहरन लाल मौर्य, भाजपा मीडिया प्रभारी अंकित माहेश्वरी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता, अधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे।













