बरेली। संजयनगर में डीजे संचालक अर्जुन मौर्य की गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद मंगलवार को पोस्टमार्टम हाउस के बाहर परिजनों और समर्थकों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में लोग जिला अस्पताल पहुंच गए और सड़क पर बैठकर जाम लगा दिया। हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर लोगों ने नारेबाजी की और पुलिस के खिलाफ नाराजगी जताई।
अर्जुन का शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल पहुंचा तो वहां सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। गुस्साए परिजनों ने पोस्टमार्टम हाउस के सामने सड़क जाम कर दी। इससे काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी मानुष पारीक कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया। इसके बाद पुलिस ने स्थिति को संभाला।
जानकारी के अनुसार, गोसाईं गौटिया निवासी अर्जुन मौर्य डेलापीर स्थित एक बरातघर में डीजे का काम करता था। सोमवार रात वह कार्यक्रम खत्म होने के बाद घर लौट रहा था। आरोप है कि रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उसे घेर लिया और सिर में गोली मार दी। गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
अर्जुन परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी मौत के बाद परिवार में मातम छाया हुआ है। पिता राकेश मौर्य और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने कुश, अर्पित और कपिल समेत अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने मिलकर घटना को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी भी डीजे और बरातघर के कारोबार से जुड़े हैं।
घटना को लेकर प्रेम-प्रसंग की चर्चा भी सामने आ रही है, हालांकि परिजनों की ओर से दी गई तहरीर में इसका उल्लेख नहीं किया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
वीडियो देखने के लिए क्लिक करें 👎













