बरेली। बैंकॉक में आयोजित आईकेएफ एशिया कार्फेबाल चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व कर बरेली का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने वाले युवा खिलाड़ी पारस मिश्रा को अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा ने सम्मानित किया। समारोह में उन्हें पगड़ी, उत्तरीय, मेडल, मोतियों की माला और पटका भेंट कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
सम्मान समारोह रमेश चंद्र मिश्रा के मेघाड्रीम स्थित आवास पर आयोजित हुआ। पारस मिश्रा वरिष्ठ पत्रकार अजय मिश्रा (सिटी टाइम्स) के पुत्र हैं। कार्यक्रम में महासभा के राष्ट्रीय संरक्षक सी.एल. शर्मा, राष्ट्रीय अध्यक्ष इंद्रदेव त्रिवेदी, राष्ट्रीय प्रवक्ता अजयराज शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष लवलेश पाठक, सचिन शर्मा, समाजसेवी पुष्पेंद्र शर्मा, संयोजक रमेश चंद्र मिश्रा और मंडल महामंत्री विशाल शर्मा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
सम्मान से अभिभूत पारस मिश्रा ने कहा कि कार्फेबाल एक आधुनिक और मिश्रित टीम वाला खेल है, जिसमें लड़के और लड़कियां एक साथ खेलते हैं। यह खेल बास्केटबॉल की तरह होता है, लेकिन इसमें रिंग के पीछे बोर्ड और नीचे जाल नहीं होता। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय परिवार और उत्तर प्रदेश कार्फेबाल संघ के संयुक्त सचिव एवं अपने कोच सुमित शर्मा को दिया। उन्होंने कहा कि बैंकॉक में भारत का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व का क्षण रहा और आगे भी देश के लिए बेहतर प्रदर्शन करना उनका लक्ष्य है।
राष्ट्रीय संरक्षक सी.एल. शर्मा, राष्ट्रीय प्रवक्ता अजयराज शर्मा और रमेश चंद्र मिश्रा ने पारस को आशीर्वाद देते हुए कहा कि वह भविष्य में ओलंपिक जैसे बड़े मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करें और बरेली, उत्तर प्रदेश तथा देश का नाम पूरी दुनिया में रोशन करें।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष इंद्रदेव त्रिवेदी ने कविता के माध्यम से पारस मिश्रा की उपलब्धि की सराहना करते हुए उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी। समारोह में मौजूद लोगों ने युवा खिलाड़ी की सफलता को बरेली के लिए गर्व का विषय बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।











