पीलीभीत को 569 करोड़ की सौगात, 106 परिवारों को मिली नागरिकता

सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पीलीभीत: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को पीलीभीत दौरे के दौरान जिले को 569.11 करोड़ रुपये की 66 विकास परियोजनाओं की सौगात दी. उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. साथ ही विस्थापित परिवारों को भूमि अधिकार पत्र वितरित किए और 106 बंगाली परिवारों को भारतीय नागरिकता प्रमाणपत्र सौंपे. नागरिकता मिलने के बाद सभी लाभार्थी भारत के पूर्ण नागरिक बन गए. 

मुख्यमंत्री का कार्यक्रम बरखेड़ा विधानसभा क्षेत्र के पतरासा कुंवरपुर गांव में आयोजित हुआ. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार विकास और जनकल्याण के कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है. उन्होंने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र और स्वीकृति पत्र भी वितरित किए.

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद, गन्ना विकास एवं चीनी मिल राज्य मंत्री संजय गंगवार, कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे. जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री के सामने क्षेत्र में चीनी मिल, डिग्री कॉलेज, स्टेडियम, शिक्षा, चिकित्सा और परिवहन सुविधाओं के विस्तार की मांग भी रखी.

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की थी. कार्यक्रम स्थल पर चार स्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया गया. सुरक्षा में चार अपर पुलिस अधीक्षक, 10 क्षेत्राधिकारी, 47 थाना प्रभारी, 144 उपनिरीक्षक, 624 कांस्टेबल समेत 1100 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात रहे. यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए अलग ट्रैफिक प्लान भी लागू किया गया.

मुख्यमंत्री के आगमन से पहले सुबह से ही कार्यक्रम स्थल पर हजारों लोग पहुंचने लगे थे. पूरा पंडाल लोगों से भर गया. प्रशासन ने भीड़ प्रबंधन, पार्किंग और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए थे. कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अगले दौरे के लिए रवाना हो गए. 

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें