राम मंदिर ट्रस्ट में बढ़ी तल्खी: विनय कटियार बोले-‘गड़बड़ी करने वालों को जेल भी जाना पड़ सकता है’

सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अयोध्या। राम मंदिर ट्रस्ट को लेकर एक बार फिर सियासी और संगठनात्मक हलचल तेज हो गई है। वरिष्ठ भाजपा नेता और राम जन्मभूमि आंदोलन के प्रमुख चेहरों में रहे विनय कटियार ने ट्रस्ट से जुड़े कुछ पदाधिकारियों पर तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि यदि किसी ने राम के नाम पर गड़बड़ी या घोटाला किया है तो उसे जेल भी जाना पड़ सकता है। उन्होंने दावा किया कि इस मामले में उनकी प्रधानमंत्री से भी बात हुई है और “सब ठीक हो जाएगा।”

कटियार ने ट्रस्ट से जुड़े गोपाल राव पर सबसे तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि एक दिन वह भगवान राम के दर्शन के लिए मंदिर परिसर पहुंचे तो गोपाल राव ने उनसे पूछा कि “आप किसकी अनुमति से आए हैं?” इस पर उन्होंने जवाब दिया, “तुम कौन हो, मुझे पहचानते नहीं हो?” कटियार ने कहा कि वह वहां से वापस लौट आए और बाद में फोन कर गोपाल राव से कहा कि “आप यहां रहने वाले नहीं हैं, जहां से आए हैं वहीं चले जाइए।”

ट्रस्ट के सदस्य अनिल मिश्रा के बारे में विनय कटियार का रुख अपेक्षाकृत नरम रहा। उन्होंने कहा कि अनिल मिश्रा सीधे और अच्छे व्यक्ति हैं, लेकिन परिस्थितियों के कारण इस पूरे विवाद में फंस गए। उन्होंने बताया कि लखनऊ से अयोध्या आने के बाद उन्होंने अनिल मिश्रा से भी बात की थी और उन्हें सलाह दी थी कि बेवजह विवाद में न पड़ें।

वहीं, ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय पर टिप्पणी करते हुए कटियार ने कहा कि उन्होंने पहले भी उन्हें समझाने की कोशिश की थी, लेकिन उन्होंने बात नहीं मानी। कटियार ने कहा, “अब क्या कहें, लगता है उनका भी भाग्य ठीक नहीं है।”

विनय कटियार के इन बयानों के बाद राम मंदिर ट्रस्ट और उससे जुड़े विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं। हालांकि, ट्रस्ट की ओर से इन आरोपों पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें