मोदी सरकार के 12 साल बेमिसाल, देश ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ: जेपीएस राठौर

सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बरेली। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शुक्रवार को सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में उत्तर प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार सहकारिता मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की उपलब्धियों को विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने आर्थिक विकास, डिजिटल क्रांति, आधारभूत संरचना और जनकल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 4 करोड़ से अधिक परिवारों को पक्का घर मिला है, जबकि 10 करोड़ से अधिक ग्रामीण परिवारों तक नल से जल पहुंचाया गया है।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि भारत आज दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। डिजिटल इंडिया अभियान और यूपीआई के माध्यम से देश डिजिटल लेनदेन में विश्व में अग्रणी बन चुका है। जीएसटी और फेसलेस टैक्स व्यवस्था जैसे सुधारों से कर प्रणाली अधिक पारदर्शी हुई है।

उन्होंने बताया कि देश में राष्ट्रीय राजमार्गों, एक्सप्रेसवे और हवाई अड्डों का तेजी से विस्तार हुआ है। उड़ान योजना के तहत हवाई संपर्क बढ़ा है तथा नया संसद भवन, अटल सेतु और चेनाब रेल ब्रिज जैसी ऐतिहासिक परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित की गई हैं।

जेपीएस राठौर ने कहा कि सरकार 81 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध करा रही है। आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से करोड़ों लोगों को पांच लाख रुपये तक की स्वास्थ्य सुरक्षा दी जा रही है। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत 10 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण कर खुले में शौच की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण किया गया है।

कृषि और महिला सशक्तिकरण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत किसानों के खातों में 4.3 लाख करोड़ रुपये से अधिक की सहायता राशि भेजी जा चुकी है। जनधन योजना के माध्यम से करोड़ों महिलाओं को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा गया है, जबकि लखपति दीदी अभियान से महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाना, तीन तलाक पर रोक और अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण देश के इतिहास में दर्ज होने वाली उपलब्धियां हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता, सुशासन और विकास के नए युग की ओर अग्रसर है।

प्रेस वार्ता में जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें