बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के बहेड़ी क्षेत्र से इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। एक गांव में 13 वर्षीय नाबालिग किशोरी को साजिश के तहत बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म किया गया। विरोध करने पर पीड़िता के साथ बेरहमी से मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने पीड़िता के पिता की तहरीर पर एक महिला और दो युवकों के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
साजिश में शामिल थी गांव की महिला
पीड़ित पिता द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, बीती 27 जून को गांव की ही एक महिला उनकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर और बहाना बनाकर अपने घर ले गई थी। आरोप है कि महिला के घर पर दो युवक पहले से ही घात लगाए बैठे थे। जैसे ही किशोरी अंदर पहुंची, दोनों युवकों ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
दो आरोपी पुलिस कस्टडी में
वारदात के बाद किसी तरह आरोपियों के चंगुल से छूटकर पीड़िता रोती हुई अपने घर पहुंची और परिजनों को आपबीती सुनाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस तुरंत एक्शन में आई। क्षेत्राधिकारी (CO) अरुण कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करा लिया गया है और नामजद तीन आरोपियों में से दो को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।













