बरेली। अलीगंज थाना क्षेत्र के कैनी गांव में गुरुवार सुबह जर्जर दीवार गिरने से सात और आठ साल के चचेरे भाई-बहन की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों बच्चे पड़ोस की दुकान से रस्क लेकर घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में खड़ी पुरानी पक्की दीवार अचानक भरभराकर उनके ऊपर गिर गई। हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
अंशु और इशिका मलबे में दब गए। तेज आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल मलबा हटाकर दोनों बच्चों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। बताया गया कि दोनों बच्चे बुधवार को ही अपने ननिहाल से दादी के घर लौटे थे। उनके माता-पिता मजदूरी के सिलसिले में बाहर रहते हैं और बच्चों की देखभाल दादी करती थीं।
घटना की सूचना मिलते ही अलीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की जानकारी मिलने पर बच्चों के माता-पिता भी गांव के लिए रवाना हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि यदि गांव में जर्जर दीवारों को समय रहते हटाया या मरम्मत कराया जाता, तो दो मासूमों की जान बच सकती थी।













