बरेली। मंडी परिषद की मुख्यमंत्री कृषक उपहार योजना के तहत शुक्रवार को 20 किसानों को लकी ड्रॉ के जरिए कृषि उपकरण और अन्य उपहार दिए गए। वहीं, कृषि कार्य के दौरान हादसे में जान गंवाने वाले किसान के परिवार को मुख्यमंत्री कृषक सहायता योजना के तहत तीन लाख रुपये की आर्थिक मदद दी गई।
मंडी में अपनी उपज बेचने वाले किसानों को प्रपत्र-6 आर के मूल्य के आधार पर पांच हजार रुपये का कूपन जारी किया जाता है। इन्हीं कूपनों के आधार पर मंडलायुक्त की अध्यक्षता में लकी ड्रॉ कराया गया। इसमें चयनित किसानों को पावर रिपर, सोलर पावर पैक, 43 इंच एलईडी टीवी, पावर स्प्रेयर, पंपिंग सेट और मिक्सर ग्राइंडर समेत अन्य उपहार दिए गए।
कार्यक्रम के दौरान आंवला तहसील के मकरंदपुर धाराजीत निवासी किसान लाल करन पुत्र सुम्मेरी लाल की कृषि कार्य के दौरान दुर्घटना में मौत होने पर उनके परिजनों को तीन लाख रुपये की सहायता दी गई। कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने किसान के परिजनों को सहायता राशि प्रदान की।
इस मौके पर मंडी परिषद के उपनिदेशक विश्वेंद्र कुमार, मंडी सचिव संतोष कुमार समेत अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। किसानों ने शासन और मंडी परिषद की योजनाओं को किसान हित में उपयोगी बताते हुए आभार जताया।














