बरेली में ‘फायर सेफ्टी सर्जिकल स्ट्राइक’, दो होटल सील, कोचिंग-मॉलों में मचा हड़कंप

सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बीडीए ,फायर और पुलिस की संयुक्त रेड, दो होटल सील; कोचिंग सेंटर, मॉल और जिमों में खंगाली गई सुरक्षा व्यवस्था

बरेली। लखनऊ अग्निकांड के बाद बरेली में प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में दिखाई दिया। सोमवार को बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए), अग्निशमन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर भर में कोचिंग संस्थानों, मॉल, जिम, अस्पतालों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर सघन जांच अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान नियमों की अनदेखी करने वाले दो होटलों पर सीलिंग की कार्रवाई की गई, जिससे कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
बीडीए उपाध्यक्ष बरेली विकास प्राधिकरण सौम्या पांडेय के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई में सिविल लाइंस, चौकी चौराहा, रामपुर गार्डन और पीलीभीत बाईपास क्षेत्र के कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। टीम ने विशेष रूप से उन संस्थानों को निशाने पर लिया जो रिहायशी इलाकों और संकरी गलियों में संचालित हो रहे हैं। जांच के दौरान मैट्रिक्स जिम, फिजिक्स वाला विद्यापीठ, विशाल मेगामार्ट, आकाश कोचिंग, एलए सिटी सेंटर मॉल, महेन्द्रा कोचिंग, डिवाइन क्लासेज, तकशिला कोचिंग, विनटैक लाइब्रेरी, गुरुकुल क्लासेज और अरिहंत क्लासेज समेत कई संस्थानों की अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं को परखा गया।

सुरक्षा मानकों की हुई गहन पड़ताल

अधिकारियों ने भवनों के मानचित्र स्वीकृति, फायर एनओसी, फायर अलार्म सिस्टम, अग्निशमन उपकरणों की कार्यशीलता, लिफ्ट की सुरक्षा, आपातकालीन निकास व्यवस्था और अन्य सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच की।

दो होटल सील, नियमों की खुली पोल

कार्रवाई के दौरान पीलीभीत बाईपास स्थित होटल रजानी मानचित्र स्वीकृति के विपरीत और बिना फायर एनओसी के संचालित मिलता पाया गया। वहीं होटल सैटेलाइट का संचालन भी बिना मानचित्र स्वीकृति के किया जा रहा था। दोनों प्रतिष्ठानों के खिलाफ उत्तर प्रदेश नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम-1973 के तहत सीलिंग की कार्रवाई की गई।

कमियां मिलने पर जारी किए नोटिस

जिन प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा संबंधी कमियां पाई गईं, उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर सुधार करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

क्या बोलीं उपाध्यक्ष?

उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए ऐसे संयुक्त अभियान लगातार चलाए जाएंगे ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें