बरेली: परिवहन विभाग और बरेली ट्रक ओनर्स वेलफेयर एसोसिएशन के बीच सोमवार को डीटीटीआई (DTTI) परिसर में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक का उद्देश्य ट्रांसपोर्टरों की समस्याओं को सुनना और उनके समाधान के लिए सुझाव लेना था. बैठक में वाहन लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस (VLTD), वाहन स्क्रैपिंग व्यवस्था और परिवहन से जुड़े अन्य मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई. विभाग ने ट्रांसपोर्टरों के सुझावों को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया.

बैठक में ट्रांसपोर्टर यूनियन के प्रतिनिधियों ने कहा कि जिस तरह वाहन मालिक किसी भी अधिकृत पेट्रोल पंप से ईंधन ले सकते हैं, उसी तरह VLTD उपकरण लगाने और उससे जुड़ी सेवाओं के लिए भी अधिक विकल्प उपलब्ध कराए जाने चाहिए. इससे वाहन स्वामियों को सुविधा मिलेगी और एक ही एजेंसी पर निर्भरता खत्म होगी. इस पर परिवहन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि इस सुझाव से शासन स्तर पर अवगत कराया जाएगा.
स्क्रैपिंग व्यवस्था पर भी उठे सवाल
बैठक में रजिस्टर्ड व्हीकल स्क्रैपिंग फैसिलिटी (RVSF) की कार्यप्रणाली पर भी चर्चा हुई. ट्रांसपोर्टरों ने बताया कि स्क्रैप के लिए दिए जाने वाले पुराने वाहनों के बदले उन्हें अपेक्षित और उचित मूल्य नहीं मिल रहा है. इस कारण वाहन मालिकों में असंतोष है.
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्क्रैपिंग की पूरी प्रक्रिया भारत सरकार के निर्धारित नियमों के तहत संचालित होती है. वाहनों की नीलामी और अन्य प्रक्रियाएं एमएसटीसी (MSTC) पोर्टल के माध्यम से तय व्यवस्था के अनुसार होती हैं. इसके बावजूद ट्रांसपोर्टरों की शिकायतों और सुझावों को उच्च अधिकारियों तक भेजने का आश्वासन दिया गया.
नियमित संवाद से निकलेगा समाधान
परिवहन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि विभाग ट्रांसपोर्टरों की समस्याओं के समाधान और सुगम परिवहन व्यवस्था के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. विभाग और ट्रांसपोर्टरों के बीच नियमित संवाद से कई समस्याओं का समाधान संभव है. ट्रांसपोर्टर प्रतिनिधियों ने भी विभाग की वर्तमान कार्यशैली पर विश्वास जताया और भविष्य में सकारात्मक सहयोग बनाए रखने का भरोसा दिया.
करीब 40 ट्रक स्वामियों ने की सहभागिता
बैठक में संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) प्रणव झा, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) वैभव सोती, यात्री/मालकर अधिकारी रमेश चंद्र प्रजापति, बरेली ट्रक ओनर्स वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष अमरजीत सिंह बख्शी, जिला अध्यक्ष शोभित सक्सेना, जिला सचिव समेत ट्रांसपोर्ट यूनियन के पदाधिकारी और करीब 40 ट्रक स्वामी मौजूद रहे.
बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई. अंत में ट्रांसपोर्टर यूनियन ने परिवहन विभाग के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने और विभागीय अभियानों में सहयोग देने का आश्वासन दिया.














1 thought on “ट्रांसपोर्टरों की समस्याओं पर मंथन, परिवहन विभाग ने सुने सुझाव, समाधान का दिया भरोसा”
Great content! Keep up the good work!