बरेली/नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। इसी क्रम में दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में ऑल इंडिया मुस्लिम मजलिस के प्रतिनिधिमंडल ने कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम से मुलाकात कर आगामी चुनाव की रणनीति और प्रदेश के मौजूदा राजनीतिक हालात पर चर्चा की।
बैठक में प्रदेश के सामाजिक और राजनीतिक परिदृश्य, अल्पसंख्यक समुदाय से जुड़े मुद्दों, संगठनात्मक मजबूती और विभिन्न वर्गों की भागीदारी को लेकर विचार-विमर्श हुआ। प्रतिनिधिमंडल ने जनसरोकार से जुड़े विषयों पर अपने सुझाव रखे, जबकि राजेंद्र पाल गौतम ने चुनाव से पहले संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनसंपर्क अभियान को प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
दोनों पक्षों के बीच लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक न्याय और समावेशी विकास जैसे मुद्दों पर भी सकारात्मक चर्चा हुई। बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।
प्रतिनिधिमंडल में ऑल इंडिया मुस्लिम मजलिस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट वसी अहमद, राष्ट्रीय सचिव मुहम्मद अफसर और एडवोकेट मुजम्मिल खान शामिल रहे।













