टीबी मरीजों के लिए बढ़े मदद के हाथ, 200 से ज्यादा मरीजों को मिली पोषण पोटली

सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बरेली। जिले में टीबी उन्मूलन अभियान के तहत सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पोषण पोटली वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी अविनाश सिंह के आह्वान पर 40 से अधिक जिला स्तरीय अधिकारियों ने 200 से ज्यादा टीबी मरीजों को गोद लेकर उन्हें पोषण पोटली वितरित की।

कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जनपद में अब तक जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वयंसेवी संस्थाओं और अन्य लोगों की ओर से 8,951 टीबी मरीजों को गोद लेने की सहमति मिली है। इनमें से 8,422 मरीजों को पोषण पोटली उपलब्ध कराई जा चुकी है। साथ ही राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम की प्रगति की भी जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, जिला पंचायती राज अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने अधिकारियों से कहा कि जिन टीबी मरीजों को गोद लिया गया है, उन्हें इलाज पूरा होने तक हर महीने पोषण पोटली उपलब्ध कराई जाए, ताकि बेहतर पोषण मिलने से वे जल्द स्वस्थ हो सकें। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की भी यही मंशा है कि अधिकारी, जनप्रतिनिधि और समाजसेवी संस्थाएं आगे आकर टीबी मरीजों की मदद करें।

कार्यक्रम के अंत में जिला क्षय रोग अधिकारी और उप जिला क्षय रोग अधिकारी ने सभी अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें