मुख्य सचिव-डीजीपी की हाईलेवल बैठक, अमन, ट्रैफिक और अफवाहों पर कड़ी निगरानी के हुक्म
अमित नारायण शर्मा/बरेली। सावन की कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रदेश सरकार ने प्रशासन और पुलिस को स्पष्ट संदेश दिया है कि किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। गुरुवार को सर्किट हाउस में मुख्य सचिव एस.पी. गोयल और पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने बरेली व मुरादाबाद मंडल के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया। बैठक के बाद दोनों अधिकारियों ने प्रमुख कांवड़ मार्गों का निरीक्षण भी किया। मुख्य सचिव ने कहा कि कांवड़ यात्रा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कांवड़ मार्गों पर सड़क मरम्मत, साफ-सफाई, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट, सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन निगरानी, मोबाइल शौचालय, पेयजल, चिकित्सा शिविर, बाइक एंबुलेंस और अस्पतालों में पर्याप्त बेड की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से ‘जीरो इंसिडेंट, जीरो एक्सीडेंट’ के लक्ष्य के साथ कार्य करने को कहा। डीजीपी राजीव कृष्ण ने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई, संवेदनशील क्षेत्रों में कड़ी निगरानी और प्रत्येक शिकायत का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के अनुरूप डीजे संचालन, बिना साइलेंसर वाले वाहनों, स्टंटबाजी और डीजे प्रतियोगिताओं पर सख्ती से रोक लगाने तथा हाईवे के प्रवेश और निकास बिंदुओं पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रखने के निर्देश भी दिए।
बैठक में मंडलायुक्त भूपेंद्र एस. चौधरी ने दोनों मंडलों की तैयारियों का विस्तृत प्रस्तुतिकरण दिया। समीक्षा के बाद डीजीपी ने पुलिस लाइन पहुंचकर अत्याधुनिक लैब का उद्घाटन किया तथा अधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके उपरांत मुख्य सचिव और डीजीपी ने सलामी ग्रहण की और लखनऊ के लिए रवाना हो गए। बैठक में एडीजी रमित शर्मा, डीआईजी अजय कुमार सहनी, डीआईजी मुरादाबाद रेंज मुनिराज जी, डीएम अविनाश सिंह, एसएसपी अनुराग आर्य, एसएसपी बदायूं अंकिता शर्मा, एसपी रामपुर सुकृति माधव समेत बरेली, बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर, रामपुर, मुरादाबाद, बिजनौर, अमरोहा और संभल के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।













