बरेली। बरेली कॉलेज के अस्थायी कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर एक बार फिर आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। कर्मचारी कल्याण सेवा समिति के बैनर तले अध्यक्ष जितेंद्र मिश्रा के नेतृत्व में कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा को सौंपा। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि 10 अगस्त तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो 14 अगस्त से महाविद्यालय के प्राचार्य कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की जाएगी।
ज्ञापन में कर्मचारियों ने बरेली कॉलेज को केंद्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा दिलाने, वर्षों से कार्यरत अस्थायी कर्मचारियों का नियमितीकरण एवं समायोजन करने तथा उप श्रमायुक्त कार्यालय द्वारा अस्थायी कर्मचारियों को न्यूनतम वेतन और श्रम कानूनों के तहत मिलने वाली सुविधाएं उपलब्ध कराने संबंधी आदेशों का तत्काल अनुपालन सुनिश्चित कराने की मांग की।
समिति के अध्यक्ष जितेंद्र मिश्रा ने कहा कि अस्थायी कर्मचारी लंबे समय से अपनी जायज मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि यदि 10 अगस्त तक मांगें पूरी नहीं की गईं तो 14 अगस्त से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी जाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और कॉलेज प्रबंधन की होगी।
समिति के सचिव हरीश मौर्य ने कहा कि कर्मचारियों की सभी मांगें वर्षों पुरानी हैं और अब उनकी अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं उपाध्यक्ष पूरनलाल मसीह ने कहा कि कर्मचारी अपने अधिकारों के लिए दोबारा आंदोलन के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
ज्ञापन सौंपने के दौरान तेजपाल, रामपाल, श्रीराम, मदन लाल, सुनील कुमार सिंह, शिक्षणेत्तर कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष हरीशंकर सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।












