बरेली। सावन माह में कांवड़ यात्रियों की सुविधा के लिए बदायूं-बरेली रोड स्थित भमोरा बाईपास (आंवला) पर विशाल कांवड़ शिविर और भंडारे का शुभारंभ किया गया। जनप्रतिनिधियों और जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी न रहने के निर्देश दिए।
शिविर में कांवड़ियों के लिए विश्राम गृह, पूजा स्थल, कांवड़ स्टैंड, विशाल भंडारा, स्वच्छ पेयजल सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान हर श्रद्धालु की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने और समय-समय पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के निर्देश दिए, ताकि यात्रा के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो।
कार्यक्रम में महापौर डॉ. उमेश गौतम, विधान परिषद सदस्य कुंवर महाराज सिंह, नवाबगंज विधायक डॉ. एम.पी. आर्य, बिथरी चैनपुर विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा, भाजपा आंवला जिलाध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारी और मंदिर के पुजारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में जनप्रतिनिधियों और जिलाधिकारी ने कांवड़ यात्रियों को भोजन भी परोसा और उनकी कुशलक्षेम पूछी।














