बरेली। भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की कर्मचारी नगर इकाई के तत्वावधान में करीब 100 व्यापारियों का कांवड़िया जत्था कछला के लिए रवाना हुआ। श्रद्धालु कछला से गंगाजल लेकर बाबा अलखनाथ नाथ नगरी पहुंचेंगे और भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे।
जत्थे का नेतृत्व कर्मचारी नगर इकाई के अध्यक्ष राकेश पाल, महामंत्री अनूप चौधरी और सचिव दीपक सक्सेना कर रहे हैं। प्रस्थान से पहले मनसा देवी मंदिर परिसर में धार्मिक माहौल के बीच कांवड़ियों को शुभकामनाओं के साथ विदा किया गया। भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिला अध्यक्ष अनिल अग्रवाल और जिला महामंत्री अनुज गुप्ता ने सभी कांवड़ियों का पुष्पमालाओं से स्वागत कर उनकी यात्रा के सफल एवं सकुशल संपन्न होने की कामना की। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था, अनुशासन और सेवा का प्रतीक है तथा समाज में धार्मिक एकता और भाईचारे का संदेश देती है। इस दौरान मनीष माथुर, असीम जौहरी, संजय अरोड़ा, शुभम, वीर सिंह समेत बड़ी संख्या में व्यापारी एवं संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने भगवान भोलेनाथ से क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की प्रार्थना की। व्यापारियों ने भी पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ “हर-हर महादेव” के जयघोष के बीच अपनी कांवड़ यात्रा शुरू की।














