बरेली पुलिस के खाते में 14 सम्मान, विजय राणा को राष्ट्रपति पदक से मिली बड़ी पहचान

सुनने के लिए यहां क्लिक करें

स्वतंत्रता दिवस पर मेडल और सम्मान चिह्न से नवाजे गए पुलिसकर्मी, शौर्य से लेकर सराहनीय सेवा तक का हुआ सम्मान

बरेली। स्वतंत्रता दिवस बरेली पुलिस के लिए इस बार खास उपलब्धि लेकर आया। जिले में तैनात और सेवा दे चुके 14 पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों के नाम सम्मान की सूची में शामिल हुए। किसी को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक मिला तो किसी को शौर्य और लंबे समय तक बेहतरीन काम के लिए सम्मान चिह्न प्रदान किया गया।

सबसे बड़ा सम्मान सीओ एलआईयू विजय कुमार राणा के नाम रहा। उन्हें विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया गया। लंबे पुलिस सेवाकाल में उनके कार्य और योगदान को देखते हुए यह सम्मान दिया गया है। इससे पहले भी उन्हें गृह मंत्रालय की ओर से सम्मान मिल चुका है।

संजय धीर को स्वर्ण, सुनील शर्मा को रजत

सम्मान पाने वालों में कैंट इंस्पेक्टर संजय धीर को सराहनीय सेवा के लिए डीजीपी का स्वर्ण सम्मान चिह्न मिला। वहीं एसओजी प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील शर्मा को शौर्य के लिए रजत सम्मान चिह्न दिया गया। बारादरी इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह को भी सराहनीय सेवा के लिए सम्मानित किया गया।

रजत सम्मान चिह्न पाने वालों में एसओजी हेड कांस्टेबल राहुल कुमार, अभिसूचना विभाग के अमित त्यागी, सिपाही धर्मेंद्र चौधरी और फायरमैन तीरन ध्वज शामिल रहे।

सेवानिवृत्त अधिकारी समेत छह को भी सम्मान

सम्मान की सूची में सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी भी शामिल रहे। सेवानिवृत्त सहायक रेडियो अधिकारी प्रदीप कुमार, आरटीसी इंस्पेक्टर हारून खां, भोजीपुरा थाने की एसआई अनीता देवी, एसपी नॉर्थ के रीडर अर्जुन सिंह, मॉनिटरिंग सेल के एसआई श्याम सिंह और फायरमैन अजयपाल सिंह को सराहनीय सेवा सम्मान चिह्न दिया गया।सम्मान मिलने के बाद एसएसपी अनुराग आर्य ने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मान पुलिसकर्मियों के कर्तव्य के प्रति समर्पण और बेहतर काम करने की प्रेरणा बढ़ाते हैं। स्वतंत्रता दिवस पर मिले इन सम्मानों में बरेली पुलिस की सेवा, शौर्य और जिम्मेदारी की अलग-अलग तस्वीर दिखाई दी। सबसे खास बात यह रही कि जिले के 14 पुलिसकर्मियों को अलग-अलग श्रेणियों में सम्मान मिलने से पूरे पुलिस महकमे का गौरव बढ़ा।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें