बरेली। जिले में लगातार बिगड़ रही बिजली व्यवस्था पर आखिरकार कार्रवाई हो गई। लंबे समय से जारी बिजली कटौती और उपभोक्ताओं की बढ़ती शिकायतों के बीच विद्युत वितरण खंड प्रथम के मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश और ग्रामीण अधीक्षण अभियंता ज्ञानेंद्र सिंह का तबादला कर दिया गया। विभागीय स्तर पर इसे बिजली व्यवस्था में सुधार की दिशा में बड़ा प्रशासनिक कदम माना जा रहा है।
मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश को मध्यांचल मुख्यालय, लखनऊ भेजा गया है। उनकी जगह मध्यांचल लखनऊ में तैनात अधीक्षण अभियंता अखिलेश कुमार सिंह को पदोन्नति देकर बरेली का नया मुख्य अभियंता बनाया गया है। अखिलेश कुमार सिंह मूल रूप से मिर्जापुर के रहने वाले हैं। वहीं ग्रामीण अधीक्षण अभियंता ज्ञानेंद्र सिंह को दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम, आगरा से संबद्ध किया गया है।
सूत्रों के अनुसार, जिले में लगातार हो रही बिजली कटौती, फॉल्ट ठीक करने में देरी और उपभोक्ताओं की शिकायतों के समय पर निस्तारण न होने से शासन नाराज था। पिछले डेढ़ महीने में कई बार अधिकारियों को व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए, लेकिन हालात में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।
वन मंत्री डॉ. अरुण सक्सेना ने भी सर्किट हाउस में हुई समीक्षा बैठक के दौरान खराब बिजली आपूर्ति पर कड़ी नाराजगी जताई थी और अधिकारियों को व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद कटौती और तकनीकी समस्याओं की शिकायतें लगातार आती रहीं।
30 जून को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की समीक्षा बैठक में मुख्य अभियंता ने बिजली चोरी को आपूर्ति प्रभावित होने का प्रमुख कारण बताया था। इसके कुछ ही दिनों बाद दोनों वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी कर दिए गए। अब नए मुख्य अभियंता के सामने शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था सुधारने की बड़ी चुनौती होगी।













