फरियादियों की समस्याओं पर प्रशासन सदैव गंभीर : डीएम

सुनने के लिए यहां क्लिक करें

102 शिकायतों पर सुनवाई, डीएम ने राजस्व की 16 शिकायतें मौके पर निपटाईं

बरेली। तहसील सदर में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में शनिवार को फरियादियों की समस्याओं पर प्रशासन ने गंभीरता दिखाई। जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में कुल 102 शिकायतें दर्ज हुईं। इनमें राजस्व विभाग से जुड़ी 16 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया। इससे संबंधित फरियादियों को तत्काल राहत मिली।

सुनवाई के दौरान डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसका समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि समाधान दिवस का उद्देश्य केवल शिकायतों को दर्ज करना नहीं, बल्कि फरियादियों को प्रभावी समाधान उपलब्ध कराना है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जिन मामलों में मौके पर जांच जरूरी है, वहां टीम भेजकर वास्तविक स्थिति की पड़ताल की जाए। डीएम ने लंबित शिकायतों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों से निस्तारण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी स्तर पर लापरवाही, देरी या खानापूर्ति सामने आने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी। अधिकारियों को शिकायतकर्ता से संवाद बनाए रखने और निस्तारण के बाद उसकी स्थिति से अवगत कराने पर भी जोर दिया गया।

समाधान दिवस में राजस्व के अलावा पुलिस, विद्युत, लोक निर्माण, सिंचाई और विकास विभाग से संबंधित शिकायतें भी सामने आईं। संबंधित विभागों के अधिकारियों ने शिकायतें दर्ज कर उनके निस्तारण की प्रक्रिया शुरू की। इस दौरान एसपी सिटी मानुष पारीक, एडीएम सदर/ज्वाइंट मजिस्ट्रेट इशिता किशोर, डॉ. अजमेरा सिंह, सीओ प्रथम आशुतोष शिवम, सीओ हाईवे देवेश सिंह, डीडीओ डीके यादव, पीडी सीपी श्रीवास्तव, अधिशासी अभियंता लोनिवि भगत सिंह, अधिशासी अभियंता रुहेलखंड नहर खंड सर्वेश सिन्हा, डीपीओ मोनिका राणा और अधीक्षण अभियंता विद्युत अंकित गंगवार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें