बरेली को मिला नया कमिश्नर, शम्भू कुमार संभालेंगे कमान, 13 आईएएस अफसरों के तबादले

सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बरेली। उत्तर प्रदेश सरकार ने मंगलवार को प्रशासनिक महकमे में बड़ा फेरबदल करते हुए 13 आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। सबसे ज्यादा चर्चा बरेली मंडल की रही, जहां शम्भू कुमार को नया मंडलायुक्त बनाया गया है। अब तक बरेली के मंडलायुक्त रहे भूपेन्द्र एस. चौधरी को लखनऊ बुलाकर सचिव, प्रशासनिक सुधार विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सरकार ने सिर्फ बरेली ही नहीं, बल्कि प्रयागराज, बस्ती और गोरखपुर मंडलों में भी नए मंडलायुक्त तैनात किए हैं। डॉ. लोकेश एम. को प्रयागराज, वैभव श्रीवास्तव को बस्ती और इन्द्र विक्रम सिंह को गोरखपुर का मंडलायुक्त बनाया गया है।

इसके अलावा कई अहम विभागों में भी बदलाव किए गए हैं। सौम्या अग्रवाल को श्रमायुक्त, प्रकाश बिन्दु को पीसीएफ का प्रबंध निदेशक, संदीप कुमार को पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड का एमडी, पुष्प राज सिंह को नोएडा का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी, सतीश पाल को विशेष सचिव गृह विभाग और डॉ. बलकार सिंह को उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण का मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है। रवीन्द्र को उनके मौजूदा पद के साथ राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के निदेशक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं अनिल ढींगड़ा को आवास एवं शहरी नियोजन विभाग समेत कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। प्रदेश सरकार के इस प्रशासनिक फेरबदल को शासन व्यवस्था में नई गति देने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है। वहीं बरेली में अब सभी की नजर नए मंडलायुक्त शम्भू कुमार के कामकाज पर रहेगी।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें