बरेली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को फोन पर गालियां देने और जान से मारने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मामले में बरेली की भोजीपुरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने यूपी-112 पर कॉल कर मुख्यमंत्री के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और हत्या की धमकी दी थी।
पुलिस के मुताबिक, 31 जुलाई 2026 की रात 11:07 बजे यूपी-112 पर एक कॉल आई। जांच में पता चला कि कॉल करने वाले ने मुख्यमंत्री के लिए आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया और जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, उसने बार-बार कॉल कर पुलिस को भी उलझाने की कोशिश की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उपनिरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह की तहरीर पर थाना भोजीपुरा में मु0अ0सं0 587/2026 के तहत बीएनएस की धारा 351(2), 352 और 196 में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक कुंवर बहादुर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मंगलवार को आरोपी अनिल कुमार पुत्र नत्थूलाल, निवासी घंघोर पिपरिया रोड, मॉडर्न विलेज, बिशप कॉनराड स्कूल के पास, थाना भोजीपुरा, को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए माफी मांगी और कहा कि वह अदालत में अपना पक्ष रखेगा। हालांकि पुलिस ने उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश कर दिया।
पहले भी कई मामलों में जा चुका है जेल
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी पहली बार कानून के शिकंजे में नहीं फंसा है। उसके खिलाफ थाना इज्जतनगर और भोजीपुरा में पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। ऐसे में पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की भी गहन जांच कर रही है।
पुलिस टीम ने दिखाई फुर्ती
गिरफ्तारी की कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक कुंवर बहादुर सिंह, उपनिरीक्षक सुशील कुमार और कांस्टेबल सोनू कोरी ने अंजाम दी। पुलिस का कहना है कि मुख्यमंत्री को धमकी देने जैसे मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी।











